अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पांच बेटियों और दो बेटों के पिता थे मथुरा प्रसाद, परिवार में मचा कोहराम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। छरौली गांव के पास रामपुर मोड़ पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान धम्मौर थाना क्षेत्र के उघरपुर गांव निवासी मथुरा प्रसाद (50) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह शादी समारोहों में बाजा बजाने का काम करते थे।
सोमवार शाम उघरपुर गांव से एक बारात छरौली गांव जा रही थी। मथुरा प्रसाद भी बारात में शामिल होने के लिए बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान रामपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि घायल मथुरा प्रसाद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मथुरा प्रसाद के परिवार में पांच बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।




