डीएम-एसपी ने कसी कमर 27 अक्टूबर की रात तक विसर्जन पूरा कराने का प्रयास
संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी
निर्धारित रूट से ही निकलेंगे जुलूस, ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिले में 26, 27 और 28 अक्टूबर को होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। चक्रवात की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने 27 अक्टूबर की रात तक ही सभी प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें अपर जिलाधिकारी प्रशासन रत्न प्रिया, अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह सहित सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
निर्धारित रूट से ही निकलेंगे जुलूस, लापरवाही पर कार्रवाई
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों का कड़ाई से पालन कराया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखने, डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
संवेदनशील स्थलों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाए और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
डीएम और एसपी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा दुर्गा पूजा समितियों से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने पाए और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएं।




