29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, छह अक्टूबर तक नामांकन; 16 अक्टूबर को ही होगी मतगणना
नई दिल्ली/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक
राज्यसभा सीट के सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के कारण एक सीट रिक्त हुई है, जिस पर उपचुनाव कराया जाएगा।
आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
16 अक्टूबर को मतदान, शाम पांच बजे से मतगणना
राज्यसभा की इन सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की है।
पश्चिम बंगाल की रिक्त सीट पर राज्यसभा सदस्य रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। आयोग के अनुसार यह सीट 16 जुलाई 2026 को रिक्त हुई और सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था।
यूपी की 10 सीटों पर चुनाव से बढ़ेगी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ने के आसार हैं। विधानसभा के निर्वाचित सदस्य राज्यसभा चुनाव में मतदान करते हैं, ऐसे में आगामी चुनाव के मद्देनजर दलों के बीच रणनीतिक तैयारियां तेज होंगी। उम्मीदवारों के नामांकन के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी। आयोग ने मतदान में निर्धारित विनिर्देश वाले इंटीग्रेटेड वायलेट रंग के स्केच पेन के इस्तेमाल का भी निर्देश दिया है।




