लेखपाल संघ ने खोला मोर्चा तहसील सदर में आपात
बैठक कर जताई नाराजगी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सरकारी कार्यों में हस्तक्षेप और गाली-गलौज का आरोप, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
तहसील सदर में लेखपालों के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और शासकीय कार्यों में अनुचित दबाव बनाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील सदर शाखा ने मंगलवार, तीन नवंबर को आपात बैठक कर कड़ी नाराजगी जताई। संघ ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
संघ की ओर से जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन को संबोधित ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दो नवंबर को एक प्रकरण के दौरान संबंधित लेखपालों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक और अन्य लेखपालों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई तथा उन पर अनुचित दबाव बनाने का प्रयास किया गया। संघ ने इस घटना को सरकारी कर्मचारियों के सम्मान और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताया है।
लेखपाल संघ का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से कर्मचारियों का मनोबल गिरता है और वे भयमुक्त होकर अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पाते। राजस्व कार्यों में बाहरी हस्तक्षेप और दबाव से निष्पक्षता भी प्रभावित हो सकती है। संघ ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि राजस्व कर्मचारियों को सुरक्षित और अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वे बिना किसी दबाव और भय के सरकारी कार्यों का निष्पादन कर सकें। संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।




