नितिन नबीन और योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में निकली यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रहे मौजूद
सपा पर तंज कसते हुए बोले नितिन नबीन- साइकिल का टायर पंचर है, अब नहीं चलेगी
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को गोरखपुर में पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में निकाली गई भव्य पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में आयोजित इस पदयात्रा को भाजपा के चुनावी अभियान की अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
पदयात्रा दोपहर 12:10 बजे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई। यात्रा गोलघर स्थित माता काली मंदिर और सरदार पटेल की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि साइकिल का टायर पंचर है, अब वह नहीं चलेगी। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा पर राजनीतिक हमले के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि इन दलों के पास बदलाव लाने की ताकत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी हार की हताशा को अराजकता की राजनीति में बदलने का प्रयास कर रहा है। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रबुद्ध वर्ग से किया संवाद, गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर जाएंगे नितिन नबीन
पदयात्रा संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को नितिन नबीन गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से इस पदयात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने गोरखपुर के जरिए पूर्वांचल में अपनी ताकत और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश देने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में निकली यात्रा को पार्टी के चुनावी माहौल तैयार करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।




