भारी पुलिस बल के साथ निकाला पैदल मार्च
संवेदनशील इलाकों और बाजारों पर रहेगी विशेष नजर मेट्रो स्टेशन से बाजारों तक होगी निगरानी
संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी के भी निर्देश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।
इसी क्रम में बुधवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) बबलू कुमार ने हजरतगंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने भारी पुलिस बल के साथ प्रमुख मार्गों और बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पैदल मार्च के दौरान मेट्रो स्टेशन, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और तलाशी लेने के निर्देश दिए गए।
जेसीपी ने पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का जायजा लेते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहनी चाहिए, ताकि अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इस दौरान डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजय वर्गी, एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय, हजरतगंज इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और शांति व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




