सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने किया उद्घाटन, विसर्जन तक श्रद्धालुओं को मिलेगी चिकित्सा सुविधा
बदलते मौसम में खानपान और सेहत का रखें ध्यान : डॉ. भारत भूषण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विश्व प्रसिद्ध दुर्गा पूजा महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रताप सेवा समिति की ओर से डाकखाना चौराहे पर मेडिकल कैंप लगाया गया है। शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. भारत भूषण ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने मेडिकल कैंप को मेलार्थियों की सेवा के लिए समर्पित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और समिति के प्रयासों की सराहना की।
सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने कहा कि बदलते मौसम में लोगों को खानपान और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। दुर्गा पूजा मेले में आने वाले दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी होने पर तत्काल मेडिकल कैंप पहुंचकर चिकित्सीय परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा टीम तत्पर रहेगी।
प्रताप सेवा समिति की ओर से आयोजित यह शिविर विसर्जन तक संचालित रहेगा। यहां चिकित्सीय टीम के साथ समिति के स्वयंसेवक भी सेवाभाव से श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे। शिविर में दवा और उपचार की सुविधा देने के साथ ही जरूरतमंदों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी, डॉ. अबसार अहमद, डॉ. एसके श्रीवास्तव, क्षयरोग परीक्षण अधिकारी सुरेश कुमार, रेडक्रॉस परिवार के मुखिया डॉ. डीसी मिश्र और भाजपा नेता राधेश्याम पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी और उमेश तिवारी भी शिविर में उपस्थित रहे।
प्रताप सेवा समिति के सचिव विजय विद्रोही ने अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सीएमओ डॉ. भारत भूषण के जनपद में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से समिति को लगातार सहयोग और स्नेह मिल रहा है। इससे समिति को अपने सामाजिक सेवा मिशन को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी ने कहा कि सुल्तानपुर का ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव भारतीय पर्वों और संस्कारों का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाता है। ऐसे आयोजनों में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। शिविर के संचालन में डी-फार्मा के रोहित, आसिफ, संदीप कुमार और मोहित गौतम की भूमिका सराहनीय रही। प्रताप सेवा समिति के महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में योगदान दिया।




