लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बहराइच में बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि श्रावस्ती में दीवार गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बलरामपुर, अमेठी, अयोध्या, सीतापुर और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। बारिश और पेड़ गिरने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।सीतापुर में प्रशासन की ओर से सुबह से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से अपील की जा रही है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शनिवार को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखे गए हैं। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई शहरों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 59 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश और 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।भारी बारिश के बीच बहराइच के कैसरगंज थाना क्षेत्र के देवलखा गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। फूस से बने कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से 52 वर्षीय ननकई पत्नी कुंतलाल की मौत हो गई।श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मल्हीपुर खुर्द गांव में भी बारिश के कारण कच्चे मकान की कमजोर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय करीब 20 वर्षीय महमूद रजा मकान के अंदर सो रहे थे। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।सुल्तानपुर में लगातार बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी परेशानी बढ़ा दी है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना है। तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में तैयार धान और गन्ने की फसलें गिर गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।अमेठी में भी तीन दिनों से लगातार बारिश और तेज हवा के कारण जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर कच्चे मकान गिरने से लोगों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पेड़ गिरने से कई रास्ते बाधित हुए हैं और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। धान और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है।अयोध्या में दो दिनों से जारी बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। पेड़ और उनकी डालियां गिरने से कई ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। 33 और 11 केवी की बिजली लाइनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।अंबेडकरनगर के जलालपुर तहसील क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इससे कुछ मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। कर्बला क्षेत्र में एक स्कूल बस के ऊपर भारी चिलबिल का पेड़ गिर गया, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई सवार नहीं था। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कई इलाकों में शुक्रवार रात से ही बिजली गुल रही।बलरामपुर में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने शनिवार को जिले की तीनों तहसील क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। प्रशासन की टीमें बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।




