महाराष्ट्र के बांद्रा-ठाणे से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
विजय राणा चमार के नेतृत्व में अभियान
करीब 50 जिलों से पहले ही मुख्य सचिव को भेजे जा चुके हैं ज्ञापन
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुल्तानपुर/महाराष्ट्र सुल्तानपुर के जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के स्थानांतरण की मांग को लेकर बहुजन अधिकार सेना का अभियान अब उत्तर प्रदेश से बाहर महाराष्ट्र तक पहुंच गया है। संगठन की ओर से शुक्रवार को महाराष्ट्र के बांद्रा और ठाणे में जिलाधिकारी कार्यालयों के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सुल्तानपुर के जिलाधिकारी को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग पर सक्षम स्तर से संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
बहुजन अधिकार सेना के राष्ट्रीय कमांडर विजय राणा चमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने कहा कि सुल्तानपुर के जिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग को लेकर वह लगातार संवैधानिक और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी आवाज उठा रहा है। संगठन का दावा है कि उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों से संबंधित जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को पहले ही ज्ञापन भेजे जा चुके हैं।
महाराष्ट्र तक पहुंचा ज्ञापन अभियान
संगठन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ज्ञापन देने के बाद अब महाराष्ट्र के बांद्रा और ठाणे में भी जिलाधिकारी कार्यालयों के माध्यम से राष्ट्रपति तक मांग पहुंचाई गई है। बहुजन अधिकार सेना ने इसे अपने लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा बताया है।
संगठन का कहना है कि वह सुल्तानपुर से जुड़े इस विषय को लेकर आगे भी सक्षम अधिकारियों और संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष अपनी मांग रखता रहेगा। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मामले पर निष्पक्ष विचार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
विजय राणा चमार ने कहा कि संगठन जनहित से जुड़े विषयों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि मांग पर शासन स्तर से स्पष्ट कार्रवाई होने तक ज्ञापन और संवाद का क्रम जारी रखा जाएगा।




