टीकर मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, व्यापारी गंभीर रूप से घायल
चांदी के आभूषण और नकदी से भरा था बैग, मेडिकल कॉलेज रेफर; साथी पर भी जताया संदेह
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
धनपतगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े चांदी के व्यापारी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। टीकर मोड़ के पास बदमाशों ने व्यापारी हिमाचल मिश्रा के सिर पर वार कर चांदी के आभूषण और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी हिमाचल मिश्रा अपने साथ बैग लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और सिर पर हमला कर बैग छीनकर फरार हो गए। अचानक हुए हमले से व्यापारी लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
मामले में व्यापारी ने अपने एक साथी पर भी संदेह जताया है। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।




