शांति समिति की बैठक में डीएम और एसएसपी ने दिए निर्देश, अवैध आतिशबाजी, शराब और जुए के खिलाफ चलेगा अभियान
बाजारों में यातायात, बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के आदेश
इटावा उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने और आमजन की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आतिशबाजी की दुकानें निर्धारित मानकों के अनुरूप ही लगाई जाएं। दुकानों पर सुरक्षा के लिए टिनशेड की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें रिहायशी इलाकों से दूर निर्धारित स्थानों पर ही स्थापित किया जाए। अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण करने और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की बिक्री, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। त्योहारों के दौरान शांति भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और पुलिस गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया। अधिकारियों ने आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।




