साढ़े चार हजार सब इंस्पेक्टर को इसी सप्ताह मिलेंगे नियुक्ति पत्र
35 हजार कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार का बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ बड़े पैमाने पर युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। सरकार की ओर से करीब साढ़े चार हजार सब इंस्पेक्टर को इसी सप्ताह नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
इसके बाद दीपावली के तत्काल बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल को नियुक्ति पत्र दिए जाने की योजना है। वहीं, 42 हजार होमगार्ड के नियुक्ति पत्र भी इसके बाद जारी किए जाने की तैयारी है। इस पूरी प्रक्रिया से प्रदेश में पुलिस और सुरक्षा बलों की मानवशक्ति बढ़ेगी, साथ ही हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
एक के बाद एक तीन बड़ी भर्तियों पर सरकार का फोकस
प्रदेश सरकार की योजना के मुताबिक सबसे पहले सब इंस्पेक्टर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद कांस्टेबल भर्ती के चयनित युवाओं की बारी आएगी। होमगार्ड के 42 हजार पदों पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लगातार तीन बड़े चरणों में नियुक्ति पत्र दिए जाने की तैयारी को युवाओं के लिए बड़ी राहत और रोजगार के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
बड़े पैमाने पर नियुक्तियों से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। थानों और पुलिस इकाइयों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी, वहीं होमगार्ड की संख्या बढ़ने से यातायात प्रबंधन, पर्व-त्योहारों और अन्य सुरक्षा ड्यूटी में भी मदद मिलेगी। सरकार की इस पहल से प्रदेश के हजारों परिवारों को दीपावली के आसपास रोजगार की खुशियां मिलने की उम्मीद है




