केमिस्ट ग्रुप-ए की मेधा सूची में हासिल किया चौथा स्थान, चयन से परिवार और गांव में खुशी की लहर
पथरा गांव की होनहार बेटी की सफलता से जिले का बढ़ा मान, बधाइयों का लगा तांता
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा-2026 में लम्भुआ क्षेत्र की बेटी अनन्या तिवारी ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। परीक्षा के अंतिम परिणाम में अनन्या ने केमिस्ट ग्रुप-ए के लिए चयनित 16 अभ्यर्थियों की सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
लम्भुआ तहसील के पथरा गांव निवासी अनन्या तिवारी स्वर्गीय सत्यराम तिवारी की पौत्री और वासुदेव तिवारी की बेटी हैं। प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में यह सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है। उनकी उपलब्धि से गांव में उत्साह का माहौल है और लोग इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
आयोग की ओर से घोषित अंतिम परिणाम में अनन्या का चयन केमिस्ट ग्रुप-ए के पद पर हुआ है। चयन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। क्षेत्रवासियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। अनन्या की इस उपलब्धि से सुलतानपुर जिले का मान बढ़ा है।




