सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर, गोताखोरों और नाविकों की तैनाती की ली जानकारी विसर्जन के दौरान लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सोहावल (अयोध्या) आगामी मंगलवार को होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट सोहावल संतोष कुशवाहा ने नायब तहसीलदार रेशू जैन के साथ ढेमवा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन की तैयारियों, वाहनों के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए गोताखोरों और नाविकों की तैनाती के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




