नहर माइनर में मिला था 25 वर्षीय प्रवेश का शव, पुलिस ने रस्सी और प्लास किया बरामद
पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका
10 अक्टूबर की घटना से जुड़े तार
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर। धम्मौर थाना क्षेत्र के शनिचरा गांव में नहर माइनर में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बताई जा रही रस्सी और एक प्लास बरामद करने का दावा किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक और आपसी संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को ग्राम प्रहरी स्वामीनाथ ने शनिचरा गांव में राम बरन के खेत के पास नहर माइनर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान नहीं होने पर पंचायतनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया गया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रयास के बाद 19 अक्टूबर को मृतक की पहचान प्रवेश (25) पुत्र संतराम, निवासी हाजीपट्टी, थाना धम्मौर के रूप में हुई।
इसके बाद मृतक के पिता संतराम की तहरीर पर धम्मौर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 238(क) और 351(3) में संजय कुमार, विनोद कुमार और सुमित्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का आरोप है कि पारिवारिक और आपसी संबंधों को लेकर विवाद के चलते तीनों ने साजिश के तहत 10 अक्टूबर को प्रवेश की हत्या कर शव नहर माइनर में फेंक दिया।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, रविवार 25 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर रामपुर नहर पुलिया के पास से तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें संजय कुमार पुत्र काशीराम, विनोद कुमार पुत्र संतराम और सुमित्रा पत्नी विनोद कुमार शामिल हैं। तीनों हाजीपट्टी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक रस्सी और एक प्लास बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलाकान्त त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जमील अहमद खान, कांस्टेबल नितीश चौधरी, कांस्टेबल संजय यादव और महिला कांस्टेबल साधना शामिल रहीं।




