देर रात एसडीएम सदर के सीयूजी नंबर पर मिली थी अवैध खनन की सूचना
डंपर लेकर भाग रहे आरोपितों ने टीम पर किया हमला दो एफआईआर दर्ज
दो संदिग्ध हिरासत में; एक डंपर बरामद, जिलाधिकारी ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ के जनपद सुलतानपुर जिले में अवैध मिट्टी खनन पर अंकुश लगाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर खनन माफिया के हमले का मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र में देर रात अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर डंपर लेकर भाग रहे लोगों ने हमला कर दिया। इसमें सदर के नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल मुकदमा दर्ज कराया और मौके पर पुलिस फोर्स भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पूरे मामले में बयान जारी कर बताया कि देर रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच एसडीएम सदर के सीयूजी नंबर पर कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन होने की सूचना मिली थी। एसडीएम ने तत्काल टीम गठित कर नायब तहसीलदार और लेखपालों को मौके पर भेजा। सुरक्षा के लिए गार्ड भी साथ भेजे गए तथा संबंधित पुलिस चौकी को भी सूचना दी गई।
प्रशासनिक टीम जब मौके पर पहुंची तो अवैध खनन की सूचना सही पाई गई। इसी दौरान खनन में लगे लोग डंपर लेकर भागने लगे। आरोप है कि भागने से रोकने पर उन्होंने टीम पर हमला कर दिया। हमले में नायब तहसीलदार और लेखपाल चोटिल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।
डीएम ने बताया कि घटना के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कराई गई और मौके पर पुलिस बल भेजा गया। मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक डंपर भी बरामद किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मिट्टी के अवैध खनन की जांच जारी है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक टीम पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




