पत्थर नसब कराने के नाम पर किसान से मांगी थी घूस, एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल
बाजारशुकुल कस्बे में कार्रवाई से राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
अमेठी उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
अमेठी के जिले के बाजार शुकुल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) संतराम को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कानूनगो ने एक किसान से हदबरारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पत्थर नसब कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, किसान ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से टीम ने बाजारशुकुल कस्बे में कार्रवाई करते हुए कानूनगो संतराम को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोच लिया।
एंटी करप्शन टीम की अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजारशुकुल कस्बे में खलबली मच गई। वहीं, राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




