एंटी करप्शन कोर्ट ने रमा शंकर, मनीष यादव और अविनाश की अर्जियां कीं नामंजूर
अनुकल्प, लवकुश व करुणेश की जमानत पर आज सुनवाई, 23 सितंबर को राम शंकर यादव व सुभाष श्रीवास्तव की बारी
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
अयोध्या मे राम धन गबन मामले में सोमवार को एंटी करप्शन कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान तीन आरोपितों को बड़ा झटका लगा।
न्यायालय ने रमा शंकर, मनीष यादव और अविनाश की जमानत अर्जियां खारिज कर दीं।
तीनों आरोपितों की ओर से पांच सितम्बर को जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। न्यायालय के फैसले के बाद मामले में नामजद अन्य आरोपितों की जमानत अर्जियों पर होने वाली सुनवाई को लेकर भी सरगर्मी बढ़ गई है।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से आरोपितों को जमानत दिए जाने के पक्ष में दलीलें पेश की गईं, जबकि अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने रमा शंकर, मनीष यादव और अविनाश की जमानत अर्जियां नामंजूर कर दीं।
मामले में अभी अन्य आरोपितों की जमानत अर्जियों पर सुनवाई बाकी है। अनुकल्प, लवकुश और करुणेश की जमानत अर्जियों पर मंगलवार को सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं राम शंकर यादव और सुभाष श्रीवास्तव की जमानत अर्जियों पर 23 सितंबर को सुनवाई होगी।
एक साथ कई आरोपितों की जमानत अर्जियों पर अलग-अलग तारीखों में सुनवाई होने से राम धन गबन प्रकरण की न्यायिक कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। सोमवार को तीन आरोपितों की अर्जियां खारिज होने के बाद अब मंगलवार को होने वाली सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




