अध्यक्ष का किया भव्य स्वागत
अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर जताया आभार
अवनीश सिंह अंगद ने कर्मचारियों को दी दोगुनी ताकत से काम करने की नसीहत
सरकार के फैसले से बढ़ा कर्मचारियों का मनोबल, बोले अध्यक्ष- ईमानदारी और जनसेवा से करें नगर का विकास
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के लम्भुआ नगर पंचायत में कार्यरत आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों की वेतन वृद्धि के फैसले से कर्मचारियों में खुशी की लहर है। वेतन बढ़ोतरी से उत्साहित नगर पंचायत कर्मियों ने मंगलवार को कार्यालय परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह अंगद का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
कर्मचारियों ने अध्यक्ष को अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर उनके प्रति आभार जताया।
इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि के फैसले के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार का भी आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग की जा रही थी। सरकार के इस फैसले से उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ ही कार्य करने का उत्साह और मनोबल भी बढ़ेगा।
स्वागत से अभिभूत नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह अंगद ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने आपकी मांगों का सम्मान करते हुए वेतन वृद्धि का निर्णय लिया है।
ऐसे में अब सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और दोगुनी ताकत के साथ पूरा करें। जनसेवा और बेहतर कार्य ही नगर पंचायत की असली पहचान है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के बड़े बाबू अरुण कुमार, अमीन स्वतंत्र सिंह, सफाई नायक विनय कुमार सहित नगर पंचायत के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।




