सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत 01 नवंबर तक आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम
Etv news 24/ब्यूरो रिपोर्ट
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में आज ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली। प्रतिज्ञा के माध्यम से ईमानदारी एवं कानून के नियमों का पालन करने, रिश्वत न लेने और न देने, सभी कार्य पारदर्शी तरीके से करने, जनहित को प्राथमिकता देने तथा भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की सूचना संबंधित एजेंसी को देने का संकल्प दोहराया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य सार्वजनिक जीवन एवं कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
इस सप्ताह के दौरान मंडल में जागरूकता रैली, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, रंगोली और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्टेशनों पर जागरूकता प्रसार तथा कार्यालयों एवं इकाइयों में कार्यशाला और संवेदीकरण कार्यक्रमों के जरिए कर्मचारियों एवं आमजन को जागरूक किया जाएगा।




