घर-घर पहुंचेंगे गणना कर्मी जनगणना में पूछे जाएंगे 40 सवाल
जाति से लेकर शिक्षा, रोजगार और डिजिटल साक्षरता तक की जुटाई जाएगी जानकारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों को अपने और अपने परिवार की स्वगणना करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी सत्यापन के बाद लॉगिन करना होगा। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली एसई-आईडी (SE-ID) को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि स्वगणना के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
सुलतानपुर जनपद में इसके लिए लगभग 5577 गणना ब्लॉक तैयार किए गए हैं। गणनाकर्मी परिवारों से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति का विस्तृत आंकड़ा जुटाना है।
जनगणना के दौरान कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार और उसमें रहने वाले व्यक्तियों से संबंधित जानकारी ली जाएगी। इसमें नाम, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, शैक्षिक स्थिति, रोजगार, व्यवसाय, पलायन और दिव्यांगता से जुड़े विवरण शामिल होंगे। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के साथ अन्य जातियों से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा डिजिटल साक्षरता, कोरोना टीकाकरण तथा बैंक खातों की संख्या से संबंधित विवरण भी मांगा जाएगा।
नागरिकों को मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी। अधिकारियों के मुताबिक, चार जनवरी के बाद बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने पत्रकार वार्ता में जनगणना के कार्यक्रम, प्रक्रिया और तैयारियों की जानकारी दी।
जनगणना का निर्धारित कार्यक्रम 16 से 30 नवंबर: नागरिकों द्वारा ऑनलाइन स्वगणना। एक दिसंबर से चार जनवरी: गणनाकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना।
चार जनवरी के बाद: बेघर व्यक्तियों की गणना।




