अखण्डनगर में देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़, घायल आरोपी जिला अस्पताल रेफर
साथियों के साथ फायरिंग में शामिल होने की बात कबूली, फरार आरोपियों की तलाश तेज
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर जनपद , अखण्डनगर। लोरपुर गोलीकांड के फरार आरोपी मुकेश कुमार वर्मा उर्फ मुन्ना वर्मा की बुधवार देर रात अखण्डनगर क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अखण्डनगर ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, लोरपुर में हुई फायरिंग की घटना में मुकेश कुमार वर्मा उर्फ मुन्ना वर्मा व उसके साथी शामिल थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा घटना में साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के अन्य साथी मौके से फरार हो गए। मामले में एक नामजद आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।




