सोरांव के खेल मैदान में सम्मेलन में उमड़े
कार्यकर्ता-समर्थक, डॉ. अजय पासी के समर्थन में प्रत्याशी बनाए जाने की मांग
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर के 184-जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के सोरांव स्थित खेल मैदान में बुधवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। 2027 विधानसभा चुनाव में सपा से दावेदारी कर रहे डॉ. अजय पासी की ओर से आयोजित सम्मेलन में आयोजकों ने कई हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया। सम्मेलन में जुटी भीड़ के बाद क्षेत्र में सपा की चुनावी तैयारियों और टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष राम उदित यादव रहे। अध्यक्षता जगदीशपुर विधानसभा अध्यक्ष सोनू अंसारी ने की। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समर्थकों ने उठाई डॉ. अजय पासी को टिकट देने की मांग
डॉ. अजय पासी के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में समर्थकों ने उन्हें जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई। समर्थकों की ओर से पार्टी नेतृत्व से उनकी दावेदारी पर विचार करने का आग्रह किया गया। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को उनके समर्थकों ने क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता और जनसंपर्क के प्रदर्शन के रूप में पेश किया।
मंच से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, डॉ. अजय पासी, पार्टी के संस्थापक सदस्य अजय सिंह, पासी समाज के जिलाध्यक्ष श्रीपाल पासी और जिला महासचिव समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
सम्मेलन के जरिए सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया। गांव-गांव संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन में जुटी भीड़ और डॉ. अजय पासी के समर्थन में उठी टिकट की मांग ने जगदीशपुर की सियासत में उनकी दावेदारी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हालांकि अंतिम प्रत्याशी का निर्णय पार्टी नेतृत्व को करना है।
मौके पर बल्दीराय ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप यादव, जगदीशपुर ब्लॉक अध्यक्ष सूरज शुक्ला, शुकुल बाजार ब्लॉक अध्यक्ष राम धीरज यादव, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव सुनील शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




