वेतन समानता की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज कर्मियों का धरना
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद 8 अक्टूबर 2026 आज स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में वेतन समानता की मांग को लेकर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो इमरजेंसी सेवा को छोड़कर अन्य सभी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे सैकड़ों किलोमीटर दूर से अपना घर-परिवार छोड़कर महज 15 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह के वेतन पर नौकरी कर रहे हैं। वहीं, इसी तरह का कार्य करने वाले अन्य कर्मचारियों को 35 से 40 हजार रुपये तक वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने इसे वेतन में असमानता बताते हुए समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांग को लेकर प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन चल रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक नियमितीकरण अथवा उनकी सेवा संबंधी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने शासन और संबंधित अधिकारियों से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने चेताया कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मरीजों की सुविधा को देखते हुए इमरजेंसी सेवा को आंदोलन से अलग रखा जाएगा, जबकि अन्य सेवाओं को बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।




