लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर ई-लॉटरी से होगा लाभार्थियों का चयन, कलक्ट्रेट सभागार में शाम चार बजे आयोजित होगी प्रक्रिया
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिलाने के लिए कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक, अमेठी की ओर से जारी पत्र के अनुसार तीन नवंबर को अपराह्न चार बजे कलक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी की ओर से नामित उप जिलाधिकारी रामशंकर की अध्यक्षता में चयन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसमें कृषि यंत्र कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत 30 लाख रुपये), हैरो, कल्टीवेटर, आलू खुदाई मशीन, पावर ऑपरेटेड चाफ कटर, पावर टिलर, क्रॉप रीपर, ट्रैक्टर माउंटेड एवं सेल्फ प्रोपेल्ड उपकरण, स्ट्रॉ मास्टर, रोटरी उपकरण और सुपर सीडर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए आवेदन करने वाले किसानों का चयन किया जाएगा।
विभागीय जानकारी के मुताबिक सात अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य से अधिक टोकन बुक कराने वाले आवेदकों को ई-लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया है। चयन पूरी पारदर्शिता के साथ समिति की मौजूदगी में किया जाएगा।
ई-लॉटरी के लिए गठित समिति में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, लीड बैंक प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि महिलाओं तथा प्रगतिशील किसानों को शामिल किया गया है। समिति में कुल 12 सदस्य नामित किए गए हैं।
उप कृषि निदेशक ने सभी नामित समिति सदस्यों से तीन नवंबर को शाम चार बजे कलक्ट्रेट सभागार में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-लॉटरी की प्रक्रिया समय से पूरी होने से किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए चयन का लाभ जल्द मिल सकेगा।




