मुन्ना चौधरी को दो दिनों में सकुशल कराया था मुक्त, 10 दोषियों को आजीवन कारावास दिलाने में निभाई थी अहम भूमिका; राष्ट्रीय सम्मान से रोहतास गौरवान्वित
आरा( भोजपुर)।डेहरी ऑन सोन, रोहतास /Etv News 24
सासाराम के चर्चित व्यवसायी मुन्ना चौधरी अपहरण कांड का सफल उद्भेदन करने और उत्कृष्ट पुलिस अनुसंधान के लिए रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में डीआईजी के पद पर कार्यरत आईपीएस आशीष भारती को प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित किया गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित इस सम्मान के लिए उनका चयन उत्कृष्ट पुलिस अनुसंधान के आधार पर किया गया है। इस उपलब्धि से रोहतास जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।
गौरतलब है कि 5 मार्च 2022 को सासाराम के चर्चित व्यवसायी मुन्ना चौधरी का अपहरण कर लिया गया था। उस समय रोहतास के एसपी रहे आशीष भारती के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों के भीतर, 7 मार्च को कैमूर जिले के कुदरा से अपहृत व्यवसायी को सकुशल बरामद कर लिया था। इस दौरान पुलिस ने अपहरण की वारदात में शामिल अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला गिरोह का भी पर्दाफाश किया था।
मामले में पुलिस की गहन जांच, साक्ष्यों के संकलन और प्रभावी अनुसंधान के आधार पर न्यायालय में मजबूत अभियोजन पक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके परिणामस्वरूप न्यायालय ने गिरोह के 10 अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक दोषसिद्ध अभियुक्त पर 51,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
इस चर्चित अपहरण कांड का त्वरित उद्भेदन, अपहृत व्यवसायी की सकुशल बरामदगी और सभी दोषियों को सजा दिलाने में आशीष भारती के कुशल नेतृत्व, पुलिस की तत्परता और उत्कृष्ट अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी उल्लेखनीय उपलब्धि को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देते हुए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से नवाजा गया है।
रोहतास की हस्तियों ने दी बधाई
आईपीएस आशीष भारती को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर डेहरी अनुमंडल विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय उर्फ मुटुर पाण्डेय, प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. निर्मल कुशवाहा, पूर्व विधायक सत्यनारायण यादव, पत्रकार मदन कुमार, चंद्रगुप्त मेहरा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
बधाई देने वालों ने कहा कि आशीष भारती ने रोहतास के एसपी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान जिस तत्परता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व का परिचय देते हुए इस बहुचर्चित अपहरण कांड का उद्भेदन किया था, वह पुलिस प्रशासन के लिए एक मिसाल है। उनका कहना था कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे रोहतास जिले के लिए भी गर्व और गौरव का विषय है।




