सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश अफवाहों से दूर रहने और शांति-सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुलतानपुर के लम्भुआ नगर पंचायत मे लगे दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में सोमवार को लंभुआ कस्बे में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति परखी।
पैदल गश्त के दौरान उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने पर जोर दिया।
पुलिस-प्रशासन ने आमजन से दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस लगातार सतर्क रहेगी, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।




