धूमिल की कविता के जरिए व्यवस्था की कथनी और करनी पर साधा निशाना
आरक्षण, भेदभाव और कानूनों के क्रियान्वयन पर जताई चिंता
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनता दल (यूनाइटेड) उत्तर प्रदेश के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय ने संविधान के प्रावधानों और उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान किसी भी देश की व्यवस्था का आधार होता है। इसकी मूल भावना प्रकृति के शाश्वत विधान, न्याय, समानता और सामाजिक समरसता से जुड़ी होनी चाहिए। लेकिन मौजूदा दौर में संवैधानिक प्रावधानों का इस्तेमाल कई बार राजनीतिक स्वार्थ और बयानबाजी तक सीमित दिखाई देता है।
उपाध्याय ने कहा कि समाज में भेदभाव और जातिवाद को बढ़ावा देने वाली विसंगतियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से जुड़े कानूनों, आरक्षण व्यवस्था तथा बहुसंख्यक-अल्पसंख्यक के आधार पर बनाई गई नीतियों की समीक्षा की आवश्यकता जताई।
उनका कहना है कि आरक्षण को सीमित अवधि के लिए लागू किए जाने की मूल अवधारणा और उसके लगातार विस्तार के साथ वास्तविक पात्रों तक लाभ पहुंचने की स्थिति पर भी विमर्श होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या योजनाओं और संवैधानिक प्रावधानों का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है?
उन्होंने भ्रष्टाचार और धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में भी कानूनों को अधिक प्रभावी, स्पष्ट और सख्त बनाने की आवश्यकता है। जब अन्य मामलों में कठोर कानूनी प्रावधान किए जा सकते हैं तो भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में कठिनाई क्यों आती है? उन्होंने कहा कि संविधान और कानूनों में समय-समय पर समीक्षा की गुंजाइश होनी चाहिए, ताकि व्यवस्था पारदर्शी, न्यायसंगत और समय की जरूरतों के अनुरूप बन सके।
अपने विचारों को स्पष्ट करने के लिए उपाध्याय ने प्रसिद्ध कवि सुदामा पांडेय ‘धूमिल’ की चर्चित कविता ‘पटकथा’ की पंक्तियों का उल्लेख किया। उन्होंने संसद और व्यवस्था के विरोधाभास को रेखांकित करते हुए कहा कि धूमिल की कविता आज भी व्यवस्था की कथनी और करनी के अंतर पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कविता की पंक्तियां ‘अपने यहां संसद तेली की वह घानी है, जिसमें आधा तेल है और आधा पानी है’ व्यवस्था की वास्तविकता पर विचार करने के लिए विवश करती हैं।
उपाध्याय ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग का दायित्व है कि वह संवैधानिक प्रावधानों, कानूनों की प्रभावशीलता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर खुलकर संवाद करे। संविधान केवल कागजों और राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी मूल भावना समाज के प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, समानता और सम्मान दिलाने में दिखाई देनी चाहिए।




