2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
लखनऊ से ओवैसी ने भरी हुंकार, बयान के राजनीतिक मायने तलाश रहे सियासी दल
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का एक बयान सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। लखनऊ से उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, “अब क्लीन शेव और क्लीन हेड वाले प्यारे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, अब मूंछ वाला मुख्यमंत्री बनेगा।”
ओवैसी के इस बयान को प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके इस अंदाज ने मुख्यमंत्री के चेहरे और नेतृत्व को लेकर चल रही राजनीतिक बहस को नया रंग दे दिया है। बयान के जरिए उन्होंने परोक्ष रूप से मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व पर निशाना साधने की कोशिश की।
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां बनानी शुरू कर दी हैं।
गठबंधन, जातीय समीकरण, मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका और मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। ऐसे माहौल में ओवैसी का यह बयान आगामी चुनाव में एआईएमआईएम की सक्रियता और राजनीतिक दावेदारी का संकेत माना जा रहा है।
हालांकि, ओवैसी ने अपने इस बयान में किसी संभावित मुख्यमंत्री के नाम का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया। इसके बावजूद उनके बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि 2027 के चुनावी मैदान में एआईएमआईएम किस रणनीति के साथ उतरती है और उसके इस सियासी दांव का चुनावी समीकरणों पर कितना असर पड़ता है।




