न्याय की मांग पर धरने पर बैठे स्वामी प्रसाद मौर्य पोस्टमार्टम हाउस के बाहर गरमाई सियासत
स्वामी प्रसाद बोले—दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई
पीड़ित परिवार के समर्थन में सड़क पर उतरे स्वामी प्रसाद, बोले—न्याय मिलने तक जारी रहेगी आवाज
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राजधानी लखनऊ के अयोध्या में दबंगों द्वारा कथित रूप से की गई भीषण गोलीबारी और बम हमले में घायल राम लगन मौर्य की माता श्रीमती पार्वती मौर्य का इलाज के दौरान लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में निधन हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य KGMU के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए।
पार्वती मौर्य की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
धरने के दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और हिंसक घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को सुरक्षा और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की।
KGMU पोस्टमार्टम हाउस के बाहर स्वामी प्रसाद मौर्य के धरने पर बैठने से मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है। अब नजर प्रशासन की कार्रवाई और पीड़ित परिवार की मांगों पर है।




