डिप्टी सीएम बोले- चुनाव के बाद विधायक तय करेंगे मुख्यमंत्री, योगी ने कहा- कौन चेहरा है, यह सबको पता है
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयानों ने इस मुद्दे को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। जौनपुर में केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पद को लेकर कहा कि अभी योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। आगे योगी मुख्यमंत्री होंगे या कोई और, इसका फैसला चुनाव के बाद निर्वाचित विधायक करेंगे।
वहीं, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब पूछा गया कि क्या वह 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे, तो उन्होंने जवाब दिया कि कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है। हर व्यक्ति इस बात को जानता है।
दोनों नेताओं के बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। केशव मौर्य के बयान में मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया को विधायकों के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि योगी आदित्यनाथ के जवाब को उनके नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर स्पष्ट टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अभी तक किसी औपचारिक घोषणा का उल्लेख इन बयानों में नहीं किया गया है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले पार्टी का नेतृत्व किसके हाथ में रहेगा, इस पर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जारी हैं।




