बात खोल दूंगा तो खड़े होने की जगह नहीं मिलेगी’—अखिलेश पर जयंत की चेतावनी से गरमाई सियासत
शीर्जी फॉर गन्ना’ पर भी जयंत ने खोला मोर्चा, बोले – किसानों की बात न पसंद करने वालों को नहीं मिलेगा वोट
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज होती दिख रही है। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी राजनीतिक सक्रियता पर सवाल खड़े किए। जयंत ने तंज कसा कि अखिलेश यादव जमीन पर सक्रिय राजनीति करने के बजाय सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नजर आते हैं।जयंत चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “वो SP नहीं, PC हैं। ट्वीट करेंगे, रैली तो होगी नहीं।” उनके इस बयान को लेकर यूपी की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जयंत के निशाने पर सिर्फ अखिलेश की सोशल मीडिया राजनीति ही नहीं रही, बल्कि उन्होंने ऐसा संकेत भी दिया जिससे दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक तल्खी फिर चर्चा में आ गई।जयंत ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि उन्होंने अखिलेश यादव से जुड़ी कुछ बातें सार्वजनिक कर दीं तो उनके लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा, “बात खोल दूंगा तो खड़े होने की जगह नहीं मिलेगी।” जयंत के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और हवा दे दी है। हालांकि उन्होंने किन बातों का जिक्र किया, इसे सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया।गन्ने से किसानों तक, जयंत ने साधा सियासी निशानाअपने चर्चित ‘G फॉर गन्ना’ बयान को लेकर भी जयंत चौधरी ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उनकी बात कुछ लोगों को भले ही बुरी लगी हो, लेकिन उनका मुद्दा सीधे किसानों से जुड़ा है। जयंत ने गन्ने और किसानों के सवाल को राजनीतिक बहस के केंद्र में रखते हुए कहा कि जो लोग किसानों और गन्ने की बात को पसंद नहीं करते, उन्हें किसानों का समर्थन और वोट नहीं मिलेगा।जयंत के इस हमलावर तेवर को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। एक तरफ किसान, गन्ना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर जोर है तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। ऐसे में जयंत का अखिलेश पर सीधा हमला सपा और रालोद के बीच सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।अब देखना यह है कि जयंत चौधरी के ‘PC’ और ‘बात खोल दूंगा’ वाले बयान पर अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की ओर से क्या पलटवार सामने आता है। फिलहाल जयंत के बयान ने यूपी की सियासत में नई गर्मी जरूर पैदा कर दी है।




