प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बुधवार की देर शाम नगर थाना पहुंचकर विभिन्न कांडों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी मामलों के त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन पर विशेष बल दिया।बैठक में उपस्थित नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव और अन्य पदाधिकारियों को एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कांड के अनुसंधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर मामले की जांच निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरी होनी चाहिए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।एसपी सिंह ने विशेष रूप से लंबित कांडों की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली और अनुसंधानकर्ताओं से केस डायरी का अद्यतन विवरण मांगा। साथ ही उन्होंने गंभीर कांडों की प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने थाने में पदस्थापित पुलिसकर्मियों को यह भी हिदायत दी कि वे क्षेत्र में लगातार गश्त करें, असामाजिक तत्वों पर नजर रखें तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।



