सासाराम नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सासाराम/रोहतास/Etv News 24/ब्यूरो रिपोर्ट
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास मिस्टर राज द्वारा सासाराम नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, सासाराम नगर निगम सहित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न छठ घाटों पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, घाटों की स्थिति, जल की गहराई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा जहां भी आवश्यक सुधार की जरूरत है, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाया जाए तथा रास्तों एवं घाटों के आसपास पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाए, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने घाटों पर समुचित बैरिकेडिंग कराने, खतरनाक एवं अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित करने तथा ऐसे स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। घाटों पर आवागमन के लिए सुरक्षित रास्ते, पर्याप्त रोशनी तथा आवश्यकतानुसार अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारी समुचित प्रबंधन करें।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर जल की गहराई एवं संभावित जोखिम वाले स्थलों का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। खतरनाक घाटों एवं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार गोताखोरों, बचाव दल एवं अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, रोहतास ने घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थलों, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। श्रद्धालुओं के आवागमन को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की जाम अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर पूरी मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, पुलिस प्रशासन, अनुमंडल प्रशासन, प्रखंड प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें तथा छठ पर्व के समापन तक घाटों पर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करते रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए तथा सभी घाटों को श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान के साथ पर्व का आयोजन सुनिश्चित करना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, खतरनाक एवं प्रतिबंधित स्थलों पर जाने से बचें तथा घाटों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें।
जिला प्रशासन का संकल्प है कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से लोक आस्था का महापर्व छठ सासाराम सहित पूरे रोहतास जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाए।




