सरकारी महोत्सव में जनता की अनदेखी, न पानी की व्यवस्था और न पत्रकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं; VIP इंतजामों पर उठे सवाल”
भलुनी धाम, रोहतास/सासाराम/बिहार/ Etv News 24
आस्था, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित भलुनी धाम महोत्सव में व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महोत्सव में शामिल होने पहुंचे आम श्रद्धालुओं और पत्रकारों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि कार्यक्रम में नेताओं और अधिकारियों के लिए तो विशेष इंतजाम दिखाई दिए, लेकिन आम जनता और मीडिया कर्मियों के लिए पीने तक के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
महोत्सव में पहुंचे लोग और पत्रकार बूंद-बूंद पानी के लिए तरसते नजर आए। दूर-दराज से कार्यक्रम देखने पहुंचे श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। वहीं, समाचार संकलन करने पहुंचे पत्रकारों को भी पानी जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सरकारी खर्च से आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में आम जनता और पत्रकारों की सुविधाओं का ध्यान क्यों नहीं रखा गया?
नेताओं के लिए विशेष इंतजाम, जनता की सुविधाएं गायब!
कार्यक्रम स्थल पर नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं नजर आईं, लेकिन आम लोगों के लिए आवश्यक सुविधाओं की कमी चर्चा का विषय बनी रही। जिस महोत्सव का आयोजन जनता और श्रद्धालुओं की भागीदारी से सफल होना था, उसी जनता को पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए परेशान होना पड़ा।
सरकारी कार्यक्रम या राजनीतिक मंच?
महोत्सव के मंच से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का भी लगातार बखान किया गया। एनडीए नेताओं के भाषणों में सरकार की उपलब्धियों और मुख्यमंत्री की तारीफ प्रमुखता से सुनाई दी। इसको लेकर सवाल उठे कि क्या सरकारी धन से आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना था या राजनीतिक संदेश देना?
प्रशासनिक व्यवस्था पर भी उठे सवाल
कार्यक्रम में जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद आम जनता और पत्रकारों को पानी जैसी आवश्यक सुविधा नहीं मिलना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों और कार्यक्रम में पहुंचे पत्रकारों के बीच इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।
जनता का सवाल—सरकारी महोत्सव में आम लोगों की चिंता किसे?
भलुनी धाम महोत्सव में हुई अव्यवस्थाओं ने आयोजन की तैयारियों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जब कार्यक्रम में हजारों लोगों की भागीदारी की उम्मीद थी, तो पीने के पानी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? पत्रकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं उपलब्ध कराई गईं? क्या सरकारी आयोजनों में सुविधाएं सिर्फ नेताओं और अधिकारियों तक ही सीमित रहेंगी?
अब सवाल यह है कि भलुनी धाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर आयोजित महोत्सव में आम जनता की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की जिम्मेदारी कौन लेगा?




