तिलौथू रोहतास/Etv News 24
तिलौथू प्रखंड के मध्य विद्यालय पतलुका ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बिहार में दूसरा स्थान तथा सरकारी विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय को 92 प्रतिशत अंक और 5 स्टार रेटिंग मिली है। इसके साथ ही विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर 47वां स्थान हासिल कर रोहतास और बिहार का गौरव बढ़ाया है।विद्यालय की यह सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन, स्वच्छता, हरियाली और टीम भावना का परिणाम है। विद्यालय परिसर की साफ- सफाई, जल संरक्षण, शौचालयों की बेहतर व्यवस्था तथा विद्यार्थियों में स्वच्छता की आदत विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। प्रधानाध्यापक ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, SHVR नोडल शिक्षक अभिषेक कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रजनीश कुमार, विद्यार्थियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं विद्यालय शिक्षा समिति के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रैंकिंग नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का सम्मान है।विद्यालय परिवार ने इस सफलता को नई शुरुआत बताते हुए भविष्य में मध्य विद्यालय पतलुका को देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल कराने का संकल्प लिया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।



