पटना बिहार/ Etv News 24
बिहार पुलिस कल्याण कोष की बैठक पुलिस महानिदेशक, बिहार विनय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में स्मार्ट पुलिसिंग, पुलिसकर्मियों की सक्रियता, स्थानांतरण नीति सहित पुलिस हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।बैठक में डीजीपी ने दोनों पुलिस एसोसिएशनों को निर्देश दिया कि ड्यूटी, गश्ती एवं वाहन चेकिंग के दौरान सभी पुलिसकर्मी पूरी सजगता, सक्रियता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने एसोसिएशनों से भी इस दिशा में पहल करने को कहा।बिहार पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय कु. सिंह ने एसोसिएशन के सभी सदस्यों से डीजीपी के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय एवं संवेदनशील कार्यशैली से जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता और मजबूत होगी।बैठक में स्थानांतरण की नई नीति को लेकर भी महत्वपूर्ण सहमति बनी। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार किसी पुलिसकर्मी का एक जिले में अधिकतम 6 वर्ष, रेंज में 12 वर्ष और जोन में 18 वर्ष तक कार्यकाल रखने का प्रावधान होगा। साथ ही गृह जिले के निकटवर्ती रेंज में स्थानांतरण की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। प्रशिक्षणरत पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद गृह जिले को ध्यान में रखते हुए पदस्थापित करने पर भी विचार किया गया।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि फिलहाल प्रचलित जून स्थानांतरण नीति के तहत स्थानांतरण नहीं किया जाएगा। वहीं, पूर्व डीजीपी एस.के. सिंघल द्वारा पुलिस हित में जारी आदेशों की समीक्षा कर पुलिसकर्मियों के हित में अधिक बेहतर, व्यावहारिक और प्रभावी नीति तैयार करने की दिशा में भी पहल की गई है।बिहार पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय कु. सिंह एवं महामंत्री कपिलेश्वर पासवान सहित समस्त पुलिस परिवार की ओर से इन सकारात्मक पहलों के लिए डीजीपी विनय कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया गया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उम्मीद है कि डीजीपी के नेतृत्व में बिहार पुलिस में ईमानदार, पारदर्शी, संवेदनशील एवं पुलिस हितैषी कार्यसंस्कृति और अधिक मजबूत होगी।




