योगी के पुराने संसदीय कार्यकाल का जिक्र कर कांग्रेस अध्यक्ष ने साधा निशाना, बयान से यूपी की सियासत गरमाने के आसार
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के पुराने संसदीय कार्यकाल का जिक्र करते हुए उनके एक भावुक क्षण को लेकर तंज कसा। खरगे ने कहा कि जब योगी सांसद हुआ करते थे, तब वे रो रहे थे। उस समय किसी ने उनसे पूछा कि योगी क्यों रो रहे हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया था, ”ऐसे ही रोते हैं… मुख में राम, बगल में छुरी।”
खरगे का यह बयान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक और सार्वजनिक छवि पर सीधा कटाक्ष माना जा रहा है। उन्होंने अपने बयान के जरिए भाजपा की राजनीति और उसके नेताओं के आचरण पर सवाल उठाने की कोशिश की। कांग्रेस अध्यक्ष के इस हमले को उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
भाजपा की राजनीति पर कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाए सवाल
खरगे के बयान में धार्मिक प्रतीकों और राजनीतिक व्यवहार के बीच विरोधाभास को लेकर निशाना साधा गया। ‘मुख में राम, बगल में छुरी’ जैसी कहावत का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर दोहरे राजनीतिक चरित्र का आरोप लगाने वाला कटाक्ष किया। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन सकता है।
2027 से पहले जुबानी जंग तेज होने के संकेत
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर खरगे की यह टिप्पणी कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव को और हवा दे सकती है। अब देखना होगा कि खरगे के इस हमले पर भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।




