सहायक अध्यापक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी की गला काटकर हत्या की सूचना,
कई थानों की फोर्स के साथ फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
एएसपी बोले- हर पहलू पर जांच, जल्द होगा वारदात का राजफाश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कोतवाली कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मंगलवार सुबह शिक्षक दंपती की हत्या से सनसनी फैल गई। सहायक अध्यापक एवं शिक्षक नेता मुकेश सिंह और उनकी पत्नी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार एक शव घर के अंदर, जबकि दूसरा घर के बाहर मिला है। दोनों की गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।
मृतक मुकेश सिंह की पहचान कंपोजिट विद्यालय खनुहट में तैनात सहायक अध्यापक के रूप में हुई है।
वह प्राथमिक शिक्षक संघ के मोतिगरपुर ब्लॉक अध्यक्ष भी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कादीपुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने मे जुटी
पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही दंपती से जुड़े लोगों और संभावित विवादों की भी जानकारी जुटा रही है। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही घटना का राजफाश करेगी।




