हादसे के बाद चालक फरार
परिवार में मचा कोहराम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश के जनपद सुल्तानपुर के अखण्डनगर-दोस्तपुर मार्ग पर प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में सोमवार रात करीब सात बजे तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा दुर्गा पूजा पंडाल के पास प्रसाद लेने के लिए खड़ा था, तभी बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक बाइक समेत दोस्तपुर की ओर फरार हो गया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम छा गया।
मृतक की पहचान सूर्यांश (6) पुत्र राजकुमार, निवासी भरथुआ, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसका परिवार प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में किराये के कमरे में रहता है। राजकुमार ठेला लगाकर मजदूरी करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. शशांक शुक्ला ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे में शामिल बुलेट और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।




