शिक्षकों ने उठाई न्याय की मांग, अपराधियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा शिक्षक संगठनों का हुजूम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर जनपद चर्चित शिक्षक दंपति हत्याकांड को लेकर शिक्षक समाज में आक्रोश और शोक का माहौल है। घटना से आहत विभिन्न शिक्षक संगठनों ने गुरुवार को नगर के तिकोनिया पार्क में सामूहिक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दिवंगत शिक्षक मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शिक्षकों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक दंपति की हत्या की घटना ने पूरे शिक्षक समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना का शीघ्र और निष्पक्ष खुलासा करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। शिक्षकों का कहना था कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
सभा में प्रदेश महामंत्री एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अमित सिंह ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में अनावश्यक देरी हुई तो शिक्षक समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी और घटना को लेकर आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। तिकोनिया पार्क और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
श्रद्धांजलि सभा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता भी पहुंचे और दिवंगत शिक्षक दंपति के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री उमाशंकर सिंह, संयुक्त महामंत्री डॉ. अमित कुमार, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रदेश महिला उपाध्यक्ष मालती सिंह, जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, जिला मंत्री राम आशीष मौर्य, आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, महामंत्री जितेंद्र कुमार राय, उपाध्यक्ष रमेश तिवारी, टीएससीटी जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, अटेवा जिलाध्यक्ष अशोक सिंह गौरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्रा, जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. चंद्रपाल राजभर, राम अनुज यादव, प्रशांत पांडेय, राम बहादुर मिश्रा, विनोद यादव, लंभुआ ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह, जूनियर शिक्षक संघ अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, जिला महामंत्री कलहू पाल, मंत्री संतोष पाल, प्रतापगढ़ के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह प्रतापगढ़ी, मंत्री राहुल राष्ट्रवादी, आदर्श वेलफेयर शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रा, मंत्री प्रदीप यादव, जय प्रकाश वर्मा, बृजेश सिंह, धीरेंद्र राव, राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, सर्वेश सिंह, राज कुमार यादव, रणविजय सिंह तथा अंतर्जनपदीय शिक्षक संघ के डॉ. अंबिकेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
सभी शिक्षक संगठनों ने एक स्वर में शिक्षक दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।




