दिल्ली में वैश्विक नेताओं का स्वागत, शी जिनपिंग से हाथ मिलाकर पीएम मोदी ने दिया मैत्री का संदेश
रामेश्वरम की वास्तुकला से जुड़ी विरासत ने खींचा जिनपिंग का ध्यान, मोदी ने समझाई खासियत
दिल्ली/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश कुमार
दिल्ली में BRICS सम्मेलन के आगाज के साथ ही वैश्विक कूटनीति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण तस्वीर सामने आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत विभिन्न देशों के नेताओं का स्वागत किया। करीब सात साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग से प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी रहीं।मोदी और जिनपिंग ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इस दौरान दोनों नेताओं के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। मुलाकात के इस सहज अंदाज को भारत-चीन संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। BRICS जैसे बहुपक्षीय मंच पर दोनों नेताओं की यह मुलाकात वैश्विक स्तर पर भी चर्चा का विषय बनी।मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शी जिनपिंग को पीछे प्रदर्शित रामेश्वरम मंदिर के कॉरिडोर की वास्तुकला के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री को मंदिर की स्थापत्य शैली और उससे जुड़ी विशेषताओं के बारे में बताते हुए देखा गया, जबकि चीनी राष्ट्रपति इस बातचीत को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए।BRICS सम्मेलन में मोदी-जिनपिंग की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत और चीन के रिश्तों को लेकर वैश्विक मंच पर भी विशेष नजर रहती है। दोनों नेताओं की मुस्कुराते हुए मुलाकात और आपसी बातचीत ने सम्मेलन की कूटनीतिक गतिविधियों को खास बना दिया।सम्मेलन के मंच से भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक कूटनीति—दोनों की झलक पेश की।




