सपा सांसद ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले-प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में
विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
अवधेश प्रसाद ने भाजपा के दावे पर कसा तंज
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दलों के बीच दावों और पलटवार का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा को लेकर बड़ा बयान देते हुए उसके चुनावी दावों पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में भाजपा 50 सीट जीतने में भी सफल रहती है तो यह दुनिया का सबसे बड़ा अजूबा होगा।अवधेश प्रसाद के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सपा सांसद ने भाजपा की चुनावी स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि जनता के बीच सरकार को लेकर असंतोष है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई देगा।उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता ही अंतिम फैसला करती है और राजनीतिक दलों के तमाम दावों की असली परीक्षा मतदान के दौरान होती है। उनके बयान को समाजवादी पार्टी की चुनावी रणनीति और भाजपा के खिलाफ विपक्षी हमले के तौर पर देखा जा रहा है।उधर, विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा जहां संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी है, वहीं सपा भी अपने जनाधार को मजबूत करने और सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में अवधेश प्रसाद का बयान आने वाले दिनों में सियासी बहस को और गरमा सकता है।




