लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण के विचारों और सिद्धांतों को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में प्रासंगिक बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण का आंदोलन उस समय की सरकार को हिलाने वाला साबित हुआ था। आज देश को उनकी विचारधारा पर चलने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की जरूरत है।
अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जयप्रकाश नारायण सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बावजूद अपने विचारों और आंदोलन के माध्यम से देश की राजनीति को नई दिशा देने में सफल रहे। उनके सिद्धांतों पर चलकर ही देश की तरक्की और खुशहाली का रास्ता मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और सामाजिक सुधारकों का उचित सम्मान नहीं कर रही है। समाजवादी लोग संपूर्ण क्रांति के विचार को आगे बढ़ाते हुए समाज में सुधार लाने का संकल्प लेते हैं।
परिसर में पहुंचने को बताया परिवर्तन का आगाज
अखिलेश यादव ने कहा कि परिसर में आने का अवसर मिलना परिवर्तन के आगाज का संकेत है। उन्होंने समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में देर रात ही जयप्रकाश नारायण को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और विचारधारा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। अखिलेश ने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए जयप्रकाश नारायण के विचारों और संपूर्ण क्रांति के सिद्धांतों को अपनाना जरूरी है।
पीडीए के जरिए भाजपा पर हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा
सपा प्रमुख ने पीडीए का जिक्र करते हुए कहा कि उनका नारा पीड़ितों और दुखी लोगों के साथ खड़े होने का है। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, “जो पत्थर दिल हैं, उनका दिल कैसे नरम हो गया।” अखिलेश यादव ने भाजपा पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव की हवा चल पड़ी है। उन्होंने कहा, “हमारे पवन की हवा में अहंकारी लोग उड़ जाएंगे।” सपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हराकर परिवर्तन का रास्ता खोलेगी।




