रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने की पहल, जैविक खाद उत्पादन के लिए किसानों को आर्थिक संबल
गोबर और कृषि अपशिष्ट से बनेगी जैविक खाद, स्वस्थ मिट्टी और समृद्ध किसान का संकल्प होगा साकार
:- विजय कुमार सिन्हा
पटना बिहार/Etv News 24/ ब्यूरो रिपोर्ट
माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा किसानों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण जैविक खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जैविक खाद के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसके लिए बिहार राज्य जैविक मिशन के अंतर्गत पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई, गोबर/बायोगैस इकाई एवं व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाई योजना संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता देकर जैविक खाद के उत्पादन और कृषि अपशिष्ट के सदुपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों को अपने खेतों एवं पशुओं से प्राप्त जैविक अपशिष्ट का उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण जैविक खाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रत्येक लाभुक को अधिकतम तीन पक्का वर्मी कम्पोस्ट पीट इकाइयों का लाभ दिया जाता है। प्रति पीट 10,000 रुपये की कुल लागत पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 5,000 रुपये, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य में कुल 51,000 पक्का वर्मी कम्पोस्ट पीट इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गोबर/बायोगैस इकाई
कृषि मंत्री ने बताया कि पशुओं के गोबर एवं अन्य जैविक अपशिष्ट का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए गोबर/बायोगैस इकाई की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक लाभुक को एक इकाई का लाभ दिया जाता है। इकाई की कुल लागत 42,000 रुपये पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 21,000 रुपये, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाता है। इसके अतिरिक्त टर्न की राशि के रूप में 1,500 रुपये का सहयोग भी प्रदान किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 300 गोबर/बायोगैस इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है।
व्यवसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाई
श्री सिन्हा ने बताया कि राज्य में बड़े पैमाने पर जैविक खाद के उत्पादन एवं उसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 3,000, 2,000 एवं 1,000 मीट्रिक टन क्षमता की इकाइयों के लिए क्रमशः 50 लाख, 32 लाख एवं 16 लाख रुपये की लागत पर 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम क्रमशः 20 लाख, 12.80 लाख एवं 6.40 लाख रुपये, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 20 व्यावसायिक वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री सिन्हा ने बताया कि इन योजनाओं के लाभुकों का चयन ऑनलाइन डीबीटी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के आधार पर किया जाता है।
श्री सिन्हा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि के विजन के अनुरूप हमारा प्रयास है कि मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति बनी रहे, खेतों की सेहत सुधरे और खेती अधिक लाभकारी बने। जैविक खाद के उत्पादन एवं कृषि अपशिष्ट के सदुपयोग से हम उपजाऊ धरती के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि खेतों से निकलने वाले जैविक अपशिष्ट और पशुओं के गोबर का उपयोग संसाधन के रूप में हो, न कि वह बेकार जाए। इससे किसानों को अपने स्तर पर जैविक खाद तैयार करने का अवसर मिलेगा, खेती की लागत कम होगी और मिट्टी की सेहत में सुधार आएगा। जैविक खाद का उत्पादन बढ़ने से टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। हमारा संकल्प है कि स्वस्थ मिट्टी के आधार पर समृद्ध किसान और आत्मनिर्भर बिहार का निर्माण हो।




