सपा-कांग्रेस के रिश्तों में बयानबाजी से बढ़ी तल्खी
इमरान मसूद ने उठाए सवाल अपनी राजनीतिक हैसियत को लेकर दिए जा रहे बयानों पर कांग्रेस सांसद ने जताई नाराजगी
सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए गठबंधन के भीतर उन्हें विलेन बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनकी राजनीतिक हैसियत शून्य बताई जा रही है तो फिर गठबंधन में उनकी जरूरत ही क्या है?
इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में उनकी भूमिका को लेकर जिस तरह की बातें कही जा रही हैं, उससे ऐसा लगता है कि उन्हें जानबूझकर निशाने पर लिया जा रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ उनकी हैसियत जीरो बताई जाती है और दूसरी तरफ गठबंधन में उनकी जरूरत भी महसूस की जाती है। ऐसे में यह समझ से परे है कि आखिर उन्हें लेकर इस तरह की बयानबाजी क्यों की जा रही है।
कांग्रेस सांसद के इस बयान को सपा-कांग्रेस गठबंधन के भीतर बढ़ती खींचतान के रूप में देखा जा रहा है।
खासकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी समीकरणों के बीच दोनों दलों के नेताओं के बीच आपसी तालमेल को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। इमरान मसूद के बयान ने गठबंधन की एकजुटता और नेताओं के बीच आपसी विश्वास को लेकर नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है।




