सासाराम रोहतास/ Etv News 24
जिलाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने आज मोकर स्थित जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं युवाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने DRCC प्रबंधक को निर्देश दिया कि केंद्र के माध्यम से संचालित राज्य सरकार की सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं आर्थिक सहायता के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र युवाओं तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम सहित DRCC के माध्यम से संचालित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र पर आने वाले युवाओं एवं आवेदकों को योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए….




