विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति, दो किस्तों में राशि देने की योजना
3.64 करोड़ परिवारों की एक-एक महिला को मिल सकता है लाभ, 50 हजार करोड़ रुपये के बजट प्रावधान पर चर्चा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए भाजपा नई रणनीति तैयार कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश की महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रस्तावित योजना को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री आवास पर हुई भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक में इस योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा किए जाने की बात सामने आई है।
प्रस्ताव के मुताबिक, प्रदेश के करीब 3.64 करोड़ परिवारों में से प्रत्येक परिवार की एक महिला को दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये देने पर विचार किया जा रहा है। इस योजना को लागू करने के लिए आगामी शीतकालीन सत्र में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रावधान करने पर भी मंथन होने की जानकारी है। हालांकि, योजना को लेकर अभी अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलने के बाद ही इसके क्रियान्वयन की दिशा में कदम बढ़ाए जाने की संभावना है।
दरअसल, भाजपा महाराष्ट्र, बिहार, असम, मध्य प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली योजनाओं को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बना चुकी है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इन योजनाओं से महिला मतदाताओं के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत हुई है। उत्तर प्रदेश में भी इसी मॉडल को अपनाने की तैयारी के पीछे महिला वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति देखी जा रही है।
भाजपा के रणनीतिकारों के मुताबिक, पिछले दो विधानसभा चुनावों में महिला मतदाताओं की भूमिका पार्टी की जीत में महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से लाभ पहुंचाने वाली योजना को अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रस्तावित योजना को सरकार कब मंजूरी देती है और महिलाओं के खाते में आर्थिक सहायता पहुंचाने का फैसला कब तक होता है।




