नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने उठाई आवाज
कोचस/रोहतास /रमेश कुमार पांडेय/ Etv News 24
पटना स्थित कर्पूरी ठाकुर सभागार में शनिवार को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों की एक महत्वपूर्ण सभा सम्पन्न हुई।इसमें पूर्व सैनिकों ने त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव और नगर निकाय चुनाव में आरक्षण की मांग सरकार से की है।इसकी जानकारी नरवर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पूर्व सैनिक मेजर महेंद्र सिंह यादव ने दी।उन्होंने बताया कि इस सभा में सूबे के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं तथा अधिकारों को लेकर आवाज़ बुलंद किया।इसमें खासकर नगर पालिका व नगर परिषद चुनावों में पूर्व सैनिकों को आरक्षण दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गयी.इस दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समर्पित किया है।अब उन्हें समाज में समान भागीदारी व प्रतिनिधित्व मिलना चाहिये।उनका कहना था कि पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों में पूर्व सैनिकों को आरक्षण मिलने से उनकी भागीदारी और सम्मान दोनों बढ़ेंगे।सभा में तेजस्वी यादव ने भी पूर्व सैनिकों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि देश सेवा के लिए जीवन दांव पर लगाने वाले सैनिकों की अनदेखी नहीं होनी चाहिये।हम राजद की ओर से यह मांग सरकार के समक्ष उठाएंगे कि पूर्व सैनिकों को स्थानीय निकायों में आरक्षण मिले.इसके अलावा उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण,पेंशन और सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में ठोस नीतियों की मांग की।



