चार्जशीट दाखिल होने से नाराज युवक पर साथियों संग हमला करने का आरोप
तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राहगीरों से भी की अभद्रता और दी धमकी, पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी चौक के फव्वारा चौराहे के पास सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर हुआ विवाद
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी में सड़क पर गलत तरीके से खड़ी कार हटाने को कहना एक दारोगा को भारी पड़ गया। आरोप है कि पूर्व में आपराधिक मामले में चार्जशीट दाखिल किए जाने से नाराज युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चौक थाने में तैनात दारोगा भूपेंद्र सिंह की पिटाई कर दी।
हमलावरों ने दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी और नेमप्लेट तोड़ दी। बीच-बचाव करने पहुंचे राहगीरों को भी धमकाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित दारोगा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दारोगा भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, शुक्रवार रात वह फव्वारा चौराहे के पास मौजूद थे। इस दौरान सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ी एक कार के कारण यातायात बाधित हो रहा था और जाम की स्थिति बन रही थी। उन्होंने चालान एप के जरिए कार का नंबर प्राप्त कर उसके मालिक के मोबाइल पर फोन किया और गाड़ी सड़क से हटाने को कहा।
आरोप है कि कुछ ही देर में ताहा हुसैन मौके पर पहुंच गया। भूपेंद्र सिंह का कहना है कि एक आपराधिक मामले में ताहा के खिलाफ पहले चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जिसको लेकर वह उनसे नाराज था। इसी रंजिश में ताहा ने कार हटाने से इनकार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसी दौरान ताहा के साथी मौलाना सलमान और हजला सलमान भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर दारोगा के साथ मारपीट की। हमले में उनकी वर्दी फट गई और नेमप्लेट टूटकर गिर गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और धमकाया सूचना पर चौक थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों आरोपी फरार हो चुके थे।
दारोगा भूपेंद्र सिंह ने ताहा हुसैन, मौलाना सलमान और हजला सलमान के खिलाफ रास्ते में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और धमकी देने समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।




